भास्कर न्यूज|गुमला जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) ने अत्यंत संकटग्रस्त प्रजाति पैंगोलिन की तस्करी का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में चैनपुर थाना क्षेत्र से छह किलोग्राम से अधिक वजन की पैंगोलिन की खाल बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान चैनपुर रोड मरियमटोली मासाटोली निवासी रामेश्वर राम और मनसुर अंसारी को खाल के साथ गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी खाल को तस्करी के उद्देश्य से ले जा रहे थे। डब्ल्यूसीसीबी की टीम ने मौके पर सघन जांच अभियान चलाते हुए दोनों को रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर ने बताया कि पैंगोलिन अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) की रेड लिस्ट में ‘अत्यंत संकटग्रस्त’ श्रेणी में शामिल है। इसका शिकार और अवैध व्यापार वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है, जिसमें कठोर सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान है।उन्होंने बताया कि चीन समेत कई देशों में पैंगोलिन की खाल, स्केल और मांस की अवैध मांग के कारण इसकी तस्करी बड़े पैमाने पर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बरामद खाल छत्तीसगढ़ के जंगलों से लाई गई हो सकती है। फिलहाल पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने के लिए जांच जारी है। लोहरदगा|जिले के एमबी डीएवी विद्यालय, लोहरदगा में प्राचार्य जीपी झा के नेतृत्व में सोमवार राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह दिवस महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिनके गणितीय योगदान आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा में रामानुजन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मंच संचालन छात्र नीरज एवं आर्यन ने किया। कक्षा नवमीं की छात्राओं अपूर्वा एवं नीलिमा ने रामानुजन के जीवन और गणित के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्रा पूजा ने गणित पर आधारित कविता प्रस्तुत की, जबकि कक्षा चौथी ‘स’ की छात्राओं ने गणितीय आकृतियों पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को आकर्षित किया। एकल नृत्य में सृष्टि, शगुन एवं भव्या सिंह ने अपनी प्रतिभा दिखाई। गणित शिक्षक विक्की कुमार द्वारा गणित पर आधारित खेल आयोजित किए गए, जिससे बच्चों में विषय के प्रति रुचि बढ़ी। अंत में प्राचार्य जी झा ने प्रेरणादायी संबोधन में गणित को बोझ नहीं बल्कि तार्किक सोच का माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को उत्साहित किया। इसी क्रम में मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता (विषय कृत्रिम बुद्धिमत्ता) में एमबी डीएवी विद्यालय की छात्राओं ने भाग लेकर विद्यालय को द्वितीय स्थान दिलाया।


