भास्कर न्यूज| चाईबासा यूनाइटेड म्यूजिकल ग्रुप की ओर से कोल्हान विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हो वॉयस ऑफ सिंहभूम का ग्रैंड फिनाले रविवार को हुआ। इस फाइनल राउंड में चयनित 15 गायकों ने अपनी सुरीली आवाज में एक से बढ़कर एक गाने की प्रस्तुति दी। वहीं इस टैलेंट हंट में सुरों के जादूगर का ताज सुदूरवर्ती गोइलकेरा प्रखंड क्षेत्र के लौजोड़ा निवासी सावित्री जामुदा को मिला। जबकि दूसरे स्थान पर लालमोहन पूर्ति तथा तीसरे स्थान पर शिवानी पिंगुवा रही। सभी विजेताओं को यूनाइटेड म्यूजिकल ग्रुप की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद देर शाम यूनाइटेड म्यूजिकल ग्रुप आर्केस्ट्रा के नाम रहा। यूनाइटेड म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को आहे भरने के लिए मजबूर कर दिया। दर्शकों ने देर रात तक गीत संगीत का जमकर आनंद लिया। यूनाइटेड म्यूजिकल ग्रुप के निदेशक अनिल सुरेन ने बताया कि इसमें विगत दिनों यूनाइटेड म्यूजिकल ग्रुप की ओर से प्रथम चरण में आयोजित ऑडिशन में चयनित आदिवासी हो समुदाय के 15 गायकों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि हो भाषा संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हो गायकों की अहम भूमिका है, परंतु समय के साथ हो गायकों को सही मंच नहीं मिलने की वजह से अपना अस्तित्व खो रहे हैं। उन सभी गायकों को बड़ा मंच प्रदान किया जाएगा।यह आयोजन हो भाषा संस्कृति एवं आधुनिक संगीत की भावना को साकार करेगा। 15 गायकों का ऑडिशन में चयन


