लुधियाना| राष्ट्रीय हिंदू मंच द्वारा गुड़मंडी स्थित महावीर मंदिर में आयोजित श्री हनुमंत चरित्र कथा के भव्य समापन के बाद आयोजकों और श्रद्धालुओं ने शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के प्रति आभार व्यक्त किया। मां भगवती का शुक्राना करने के लिए श्रद्धालुओं का एक जत्था विशेष बस के जरिए सीता माता मंदिर दरेसी रोड से रवाना हुआ। यात्रा के शुभारंभ पर पं. अजीत दुबे ने पारंपरिक विधि-विधान से नारियल फोड़कर सर्व-कल्याण की प्रार्थना की। श्री दुर्गा सेवक संघ के कन्वीनर संदीप गुप्ता ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सामूहिक धार्मिक यात्राएं न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती हैं। बल्कि समाज में एकता और पुण्य के भाव को भी सुदृढ़ करती हैं। मंच के अध्यक्ष पवन शर्मा ने आयोजन की सफलता का श्रेय राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग को दिया। यात्रा जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा। इस मौके पर सुनीता शर्मा, ओपी त्रिपाठी, विपन थापर, अमित गोयल मौजूद रहे।


