हफ्ते में चौथी लड़ाई के बाद पत्नी की हत्या, पति पर केस

लुधियाना| न्यू संत नगर (हैबोवाल) इलाके में घरेलू विवाद मामले में दातर से हमला कर पत्नी की हत्या करने वाले पति पर हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतका की पहचान 34 वर्षीय गुड्डी देवी के रूप में हुई है। वह कोठियों में साफ-सफाई का काम करती थी, जबकि उसका पति मनोज कुमार फल बेचता था। दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मृतका की बेटी रिंकी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मां की यह तीसरी शादी थी, जो करीब चार साल पहले मनोज कुमार से कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के रिश्तों में तनाव बना हुआ था। रिंकी का आरोप है कि मनोज मां के चरित्र पर शक करता था पुलिस जांच में सामने आया है कि एक हफ्ते में पति-पत्नी के बीच तीन बार झगड़ा हो चुका था। शनिवार सुबह चौथी बार हुआ झगड़े इतना बढ़ गया कि मनोज ने घर में रखे तेजधार दातर से गुड्डी देवी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गुड्डी देवी को गंभीर चोटें आईं। आरोपी मनोज भी जख्मी हुआ था। सिविल अस्पताल में सोमवार को इलाज के दौरान गुड्डी देवी ने दम तोड़ दिया। थाना हैबोवाल के प्रभारी इंस्पेक्टर वरिंदर पाल सिंह उप्पल ने बताया, मनोज कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी भी अस्पताल में उपचाराधीन है। मेडिकल डिस्चार्ज मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *