भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने नरेगा योजना में हाल में किए गए बदलावों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पहले इस योजना में गरीबों को सौ दिन का रोजगार पूरी तरह से केंद्र सरकार द्वारा फंड किया जाता था, लेकिन अब योजना का नाम बदलने के साथ-साथ फंडिंग में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत 60 प्रतिशत फंडिंग केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत पंजाब सरकार करेगी। सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब की मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए, राज्य सरकार यदि अपना फंड हिस्सा नहीं देती, तो नरेगा के तहत गरीबों को सौ दिन का रोजगार मिलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अकाली दल ऐसे किसी भी कदम को बर्दाश्त नहीं करेगा जो पंजाब के गरीबों और जनता के खिलाफ हो। सुखबीर सिंह बादल ने न्यूजीलैंड में सिख समुदाय के नगर कीर्तन को रोके जाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भारत सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर धर्म को अपने धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की आजादी होनी चाहिए। सुखबीर बादल ने कहा कि न्यूजीलैंड में बसे पंजाबी और सिख समुदाय के लोग जबरदस्ती वहां नहीं गए हैं, बल्कि उन्हें स्वयं आमंत्रित किया गया था। वहां जाकर सिखों ने न केवल मेहनत और ईमानदारी से काम किया, बल्कि न्यूजीलैंड की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इस विषय को गंभीरता से लिया जाए और न्यूजीलैंड सरकार से सिखों को पूरा संरक्षण देने के लिए बात की जाए।


