नेतेवाला गांव में रात दो बजे की घटना, पर्चा बयान पर हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर नेतेवाला गांव में 21 दिसंबर की रात दो बजे एक घर में घुसकर प्राण घातक हमला किया गया। तलवारों व बरछे से घर मे सो रहे पिता-पुत्र को चोटें पहुंचाईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पर्चा बयान पर चूनावढ़ थाने में हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसआई सुनील बिश्नोई मामले की जांच करेंगे। चूनावढ़ थाना के ड्यूटी अधिकारी एएसआई कंवरपालसिंह राठौड़ को घायल नेतेवाला निवासी 20 वर्षीय रवि मजहबी सिख ने पर्चा बयान दिए। इसमें बताया कि उसके भाई चरणजीतसिंह ने नेतेवाला गांव निवासी लाजवंती मेघवाल से 10 दिन पूर्व प्रेम विवाह कर लिया था। इससे नाराज होकर लाजवंती के फुफेरे भाई दोदा कुलार निवासी पवन मेघवाल ने अपने साथ 20 एमएल निवासी गुरमीत बाजीगर, नीमा बाजीगर, गगन बाजीगर, फौजी नायक, लाधुवाली निवासी फौजी मजहबी सिख, आकाश मजहबी सिख, नेतेवाला निवासी काला वाल्मीकि, राहुल मेघवाल व तीन-चार अन्य युवकों के साथ 21 दिसंबर की रात को दो बजे के करीब घर में हमला कर दिया। आरोपी दीवार कूदकर घर में घुसे। पीड़ित, अपनी मां सीमा तथा पिता गुरदीपसिंह के साथ कमरे में सो रहा था। आरोपियों ने कुल्हाड़ी, बरछा और तलवारों से पीड़ित को चोटें मारीं। बीच-बचाव करने आए पीड़ित के पिता को भी चोटें मारकर घायल कर दिया। शोर मचने पर आसपास के घरों से लोग आने लगे तो आरोपी भाग गए। पीड़ित तथा पीड़ित के पिता को लहू लुहान हालत में एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाकर रात को भर्ती करवाया गया। घायलों के सिर तथा बदन पर काफी चोटें लगी हैं। वारदात के बाद से हमलावर फरार हैं। पीड़ित के अनुसार सभी आरोपी बदमाश प्रवृत्ति के हैं और आपराधिक वारदातें करते रहते हैं।


