भास्कर न्यूज | बालोद सोमवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार ठंड सीजन में पहली बार रात का पारा 10.5 डिग्री पर पहुंचा। जो सामान्य से डेढ़ डिग्री कम है। उत्तर दिशा से ज्यादा मात्रा में ठंडी व शुष्क हवा आ रही है। इस वजह से शीतलहर की स्थिति है। यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है। रात के अलावा दिन में भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। ठंड से राहत पाने शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। दरअसल उत्तरी हवा की वजह से 29 दिसंबर तक रात का पारा 11-12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। ज्यादा मात्रा में ठंडी हवा आने की स्थिति में पारा 10 डिग्री से नीचे भी लुढ़क सकता है। ऐसी स्थिति होने पर ठंड बढ़ेगी। पिछले एक सप्ताह से सूर्योदय के दौरान कोहरा छा रहा है। पिछले साल से इस बार रात का तापमान 3.5 डिग्री कम मौसम विभाग के अनुसार पिछले साल 22 दिसंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री था। पिछले साल की तुलना में इस बार अधिकतम तापमान 2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री कम रहा। पिछले साल पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात व अन्य सिस्टम के प्रभाव से मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा था। जिसके कारण उत्तर दिशा से कम मात्रा में हवा आ रही थी लेकिन इस बार ऐसी स्थिति नहीं है। सिस्टम सक्रिय नहीं होने से ज्यादा मात्रा में ठंडी हवा आ रही है। जिसके चलते तापमान में गिरावट हो रही है।


