गंगापुर सिटी में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने आदेश जारी कर सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 13 से 16 जनवरी 2025 तक छुट्टी घोषित की है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला कलक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत यह निर्णय लिया है। छुट्टी का यह आदेश केवल विद्यार्थियों के लिए है, जबकि शिक्षक और अन्य स्टाफ को नियमित रूप से स्कूल आना होगा। जिला कलक्टर ने सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई स्कूल इस अवधि में कक्षाएं संचालित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।


