विजयपुर में मछुआरों से भरी पिकअप तालाब की पाल पर पलट गई। जिससे पिकअप में सवार 2 मछुआरों की मौत हो गई, जबकि 5 घायल हो गए। सभी घायलों को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। हादसा शादी गांव के पास शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ। थाना प्रभारी प्रेम गिरी गोस्वामी ने बताया कि पिकअप में करीब 15 लोग सवार थे, जो बिहार से मछली पकड़ने का काम करने के लिए आए थे। वे शादी तालाब में ठेकेदार के लिए मछली पकड़ने वाले थे। अंधेरे में रास्ता सही से नहीं दिखने के कारण तालाब की पाल पर चढ़ते समय पिकअप पलट गई। जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान बिहार के सीहोर थाना के ग्राम बुखारसिया निवासी कैलाश चंद्र (50) पुत्र बिसार माझी और बिहार के सीतामढ़ी जिले के ग्राम रुख डूंगरी निवासी प्रकाश चंद्र (50) पुत्र गिरीश माझी के रूप में हुई है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। घायलों का इलाज जारी है।


