रींगस में नकली पुलिसकर्मी बनकर 25 लाख लूटे:युवक को रोडवेज बस से उतार कर ले गए, लूटने के बाद खाटूश्यामजी के पास छोड़ा

रींगस में नकली पुलिसकर्मी बनकर 25 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। 9 बदमाशों ने रोडवेज बस को रोककर युवक को नीचे उतारा और रिवॉल्वर दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना रींगस थाना क्षेत्र के सरगोठ के पास की 9 जनवरी की है। थानाधिकारी ने बताया कि 9 जनवरी को जयपुर निवासी दिनेश ढाका का कर्मचारी अल्ताफ खान 25 लाख रुपए का बैग लेकर मेहनसर गांव जा रहा था। अल्ताफ को ये राशि दिनेश के भाई रणजीत ढाका को देनी थी। अल्ताफ चौमू पुलिया से रोडवेज बस में सवार हुआ था। बस सरगोठ गांव पहुंची, तब दो वाहनों में सवार करीब 9 लोगों ने बस को रोक लिया। उन्होंने खुद को पुलिस वाला बताते हुए बस ड्राइवर और परिचालक से कहा कि अल्ताफ एक लड़की को भगाने के मामले में फरार है और उसे रींगस थाने ले जाना है। इसके बाद बदमाशों ने अल्ताफ को बस से उतारा और रिवॉल्वर दिखाकर अपनी गाड़ी में बिठा लिया। बदमाश अल्ताफ को खाटूश्यामजी की तरफ ले गए और वहां से कुछ आगे जाकर उससे रुपयों से भरा बैग, मोबाइल फोन, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, वोटर कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिए। फिर उसे गाड़ी से उतारकर वहीं छोड़ दिया। अल्ताफ ने किसी से मोबाइल फोन उधार लेकर घटना की सूचना दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *