बैकुंठपुर | भारत सरकार के सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिले में निरंतर जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम खरवत स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय परिसर में सुशासन सप्ताह के चौथे चरण का विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा शासन की योजनाएं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए बनाई जाती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होकर योजनाओं का लाभ लें और अन्य लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाएं। जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हो सकें।


