अंबिकापुर | स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों को प्रावीण्य सूची में स्थान दिलाने के उद्देश्य से विकासखंड प्रतापपुर में दिनांक 17 से 21 दिसंबर तक आयोजित पांच दिवसीय ब्लूप्रिंट प्रश्न निर्माण व शिक्षण शास्त्र प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में विज्ञान समूह के व्याख्याताओं को आधुनिक शैक्षणिक पद्धतियों और बोर्ड के सटीक परीक्षा पैटर्न से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी मास्टर ट्रेनर्स ने विषयवार सत्र आयोजित किए। रसायन विज्ञान विशेषज्ञ श्रद्धा गुप्ता ने जटिल समीकरणों और अभिक्रियाओं के प्रश्न तैयार करने की बारीकियां साझा कीं। गणित व्याख्याता रविंद्र सोनी ने तार्किक क्षमता और गणितीय कौशल विकास पर जोर दिया।


