इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक सैलून पार्लर में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। इलाके में रहने वाला एक बदमाश डंडा लेकर सैलून में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने न सिर्फ दुकान में तोड़फोड़ की, बल्कि संचालक और वहां काम कर रहे कर्मचारी के साथ भी डंडे से मारपीट की। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बाणगंगा पुलिस ने सोमवार को शिवम वर्मा निवासी डी-सेक्टर, सुखलिया की शिकायत पर रितीक उर्फ अप्पू पिता दीपक बुंदेला के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक शिवम की ‘वीरेन्द्र जेंट्स पार्लर’ के नाम से दुकान है। सोमवार को वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। उनके साथ कर्मचारी वीरू और कस्टमर कमल मेवाड़ा भी दुकान में थे। इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाला रितिक जबरदस्ती दुकान में घुस आया और अपशब्द कहने लगा। उसने दुकान के गेट पर लगा कांच डंडे से तोड़ दिया। इसके बाद दुकान के अंदर लगे शीशों पर भी डंडे मारे। आरोपी ने कस्टमर कमल को धमकाया और कर्मचारी वीरू व शिवम के साथ डंडे से मारपीट की। आरोपी ने उन्हें दुकान से बाहर निकालकर सड़क पर ले जाने की कोशिश की, लेकिन डर के कारण वे बाहर नहीं निकले। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। डीजे संचालक के घर आकर हमला इधर, इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में भी एक डीजे संचालक के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। प्रदुम्न चावड़ा निवासी व्यंकेट विहार की शिकायत पर पुलिस ने याशिन पिता मनन अंसारी निवासी बीएसएफ कैंपस और उसके दो दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रदुम्न ने बताया कि वह डीजे बजाने का काम करता है और याशिन उसका पुराना दोस्त है। दोनों के बीच लैपटॉप को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार को अचानक याशिन उसके घर आया और बाहर से आवाज लगाई। प्रदुम्न बाहर आया तो याशिन ने कहा कि वह डीजे सीखना चाहता है। इस पर प्रदुम्न ने मना कर दिया और उसे वहां से जाने को कहा। इसके बाद याशिन गाली-गलौज करने लगा। उसके साथ आए लड़कों ने प्रदुम्न का कॉलर पकड़ लिया। तभी प्रदुम्न के माता-पिता बाहर आ गए और तीनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान याशिन ने धमकी दी कि अब वह कहीं भी डीजे बजाता हुआ दिखा तो ठीक नहीं होगा। इसके बाद आरोपी धमकी देकर चले गए। प्रदुम्न अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।


