दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत झांसी बाईपास रोड पर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के पास सोमवार देर रात सड़क हादसा हो गया। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान पंकज शुक्ला की गली निवासी पूजा तिवारी (27), पत्नी भावेश तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पूजा अपने भाई भावेश श्रीवास्तव के साथ झांसी रोड स्थित रत्न मेघा मॉल में फिल्म देखने के बाद बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान रात करीब 11 बजे कृषि विज्ञान केंद्र के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। उसके भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। बताया गया है कि पूजा ने करीब एक साल पहले भावेश तिवारी से प्रेम विवाह किया था। भावेश तिवारी पेशे से टैक्सी चालक है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे का खुलासा करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


