नरसिंहपुर–सागर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर मंगलवार को आरटीओ कार्यालय के पास आलू से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तेज रफ्तार और मोड़ बना हादसे की वजह प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से आ रहा था। आरटीओ कार्यालय के पास मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें लदे आलू सड़क पर बिखर गए, जिससे मार्ग संकरा हो गया और यातायात लगभग ठप हो गया। चालक को मामूली चोट, जनहानि नहीं इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था बहाल करने का प्रयास शुरू किया। क्रेन की सहायता से पलटे ट्रक को सड़क से हटाया गया और बिखरे आलुओं को किनारे किया गया। वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया यातायात हादसे के दौरान कुछ समय के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया। ट्रक हटने और सड़क साफ होने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।


