मंगलवार को हरसिद्धि मंदिर के सामने पुलिया और आसपास में निगम की टीम ने कार्रवाई की। यहां पर लगने वाली अस्थाई फूल की दुकानों को हटाया गया। साथ ही अस्थाई शेड, बोर्ड, स्टैंड आदि जब्त किया। नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव इलाके का दौरा करने आए थे। हरसिद्धि मंदिर के सामने बनी पुलिया और उसके आसपास पर अस्थाई फूल मंडी और दुकानों के कारण लगातार पुलिया और आसपास ट्रैफिक प्रभावित हो रहा था, जिसके बाद नगर निगम आयुक्त ने इसे हटाने के निर्देश दिए थे। निगमायुक्त के आदेश के बाद टीम ने यहां से 15 से ज्यादा अस्थाई फूलों की दुकानों को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, रिमूवल प्रभारी अश्विन कल्याणे, निगम रिमूवल विभाग की टीम मौजूद रही। चंद्रभागा रोड से हरसिद्धि को जोड़ने वाली सड़क के काम देखे
जोन 12 के अंतर्गत सड़क और विकास काम को देखने के लिए नगर निगम आयुक्त पहुंचे। उन्होंने कलाल कुई, रिवर फ्रंट, चंद्रभागा पुलिया, कंबल वाला रोड, हरसिद्धि और आसपास के इलाके में दौरा किया। निगमायुक्त ने कलाल कुई इलाके में बारिश के दौरान जमा जमाव और जल निकासी के निराकरण के काम को देखा और काम की गति बढ़ाने को कहा। इसके बाद चंद्रभागा पुल से कंबल वाले रोड से होते हुए पंढरीनाथ की ओर जाने वाले 18 मीटर की चौड़ाई के रोड बनाने के संबंध में निरीक्षण किया। साथ ही चंद्रभागा रोड से हरसिद्धि रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड बनाने का निरीक्षण किया और इस काम की गति बढ़ाने के लिए कहा। इस लिंक रोड के बनने से चंद्रभागा रोड से सीधे हरसिद्धि रोड पर पहुंचा जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सड़क निर्माण योजना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी भी ली।


