इंदौर से इंडिगो और एलायंस एयर की उड़ानों में व्यवधान जारी है। इंडिगो ने आज सुबह की हैदराबाद और रात की जयपुर उड़ानें फिर रद्द की हैं। कल भी कंपनी ने हैदराबाद और चेन्नई की उड़ानें निरस्त की थीं। इंडिगो ने यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया है और अन्य फ्लाइटों में एडजस्ट किया जा रहा है। इंदौर एयरपोर्ट की जानकारी के अनुसार, इंडिगो पिछले कई दिनों से सुबह की हैदराबाद उड़ान लगातार रद्द कर रही है। चेन्नई के लिए इंदौर से केवल एक फ्लाइट संचालित होती है, जिसके कैंसिल होने से यात्रियों को लंबा समय और अधिक खर्च झेलना पड़ रहा है। वहीं, देश की एकमात्र सरकारी एयरलाइन एलायंस एयर ने दिल्ली के लिए अपनी सभी उड़ानों को 16 जनवरी तक निरस्त कर दिया है। पहले यह अवधि 22 दिसंबर तक थी, जिसे बढ़ाकर अब 16 जनवरी किया गया है। इससे पहले बुकिंग कर चुके यात्रियों को बड़ी परेशानी हो रही है। कंपनी के अनुसार उड़ानें 17 जनवरी से फिर से शुरू होंगी। सप्ताह में तीन दिन चलती थी एलायंस एयर की दिल्ली-इंदौर फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन (मंगल, गुरु, शनिवार) चलती थी। 26 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल के तहत यह शाम 5.30 बजे दिल्ली से रवाना होकर 7.40 बजे इंदौर आती और रात 8.05 बजे वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरती थी। लेकिन कंपनी ने इस फ्लाइट को 18 नवंबर तक रद्द कर दिया। इसके बाद 2 दिसंबर और फिर 22 दिसंबर तक उड़ान निरस्ती की गई। अब कंपनी की वेबसाइट के अनुसार यह फ्लाइट 16 जनवरी तक बंद रहेगी। कंपनी ने 17 जनवरी से उड़ानों को फिर से शुरू करने का समय घोषित किया है। उड़ानें पहले की तरह सप्ताह में तीन दिन ही संचालित होंगी और विंटर शेड्यूल के अंत तक, यानी 28 मार्च तक बुकिंग उपलब्ध है। हालांकि यात्रियों को अब भी यह देखना होगा कि 17 जनवरी से उड़ानें समय पर शुरू होती हैं या फिर निरस्ती की तारीख आगे बढ़ाई जाएगी।


