नगर निगम क्षेत्र के गोपीनाथ की पुलिया चौराहे पर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। तहसीलदार सीताराम वर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सोमवार को नगर निगम की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई स्थायी दुकानों को जेसीबी से तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। कुछ दुकानदारों की ओर से हल्का विरोध भी किया गया, हालांकि प्रशासन की सख्ती के चलते कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नगर निगम की जगह पर बनाई दुकानें प्रशासन के अनुसार गोपीनाथ की पुलिया चौराहे पर नगर निगम की बेशकीमती भूमि पर कुल पांच स्थायी दुकानें अवैध रूप से बनाई गई थीं। इससे पहले नगर निगम द्वारा भूमि की नाप-तौल कराई गई थी और सभी संबंधित दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे। तय समयसीमा में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सोमवार को संयुक्त कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। तहसीलदार बोले-शिकायत के बाद कार्रवाई तहसीलदार सीताराम वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ से की जा रही थीं। निर्देश मिलने के बाद पहले विधिवत नाप की गई, फिर नोटिस जारी किए गए और अब अवैध निर्माण हटाकर नगर निगम की भूमि को मुक्त कराया गया है।


