गांधी चौराहे बस स्टैंड से अवैध अतिक्रमण हटाया:पुलिस ने 15 वाहन जब्त किए, यातायात व्यवस्था सुधारी

प्रतापगढ़ में जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड गांधी चौराहे पर अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। इस अभियान के तहत अव्यवस्थित रूप से खड़ी गाड़ियों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया गया। थाना प्रभारी ईश्वर लाल ने मंगलवार दोपहर 1 बजे बताया कि बस स्टैंड परिसर और गांधी चौराहे पर निजी वाहनों, ऑटो और पिकअप जैसी गाड़ियों के अनावश्यक रूप से खड़े रहने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे यात्रियों, आमजन और बस चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बस स्टैंड क्षेत्र में खड़ी अवैध और अनधिकृत गाड़ियों को हटाया। कार्रवाई के दौरान तितर-बितर अवस्था में खड़ी 15 गाड़ियों को जब्त कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से थाने भिजवाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। पुलिस ने वाहन चालकों और दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में बस स्टैंड और गांधी चौराहे जैसे सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *