सांगानेर स्थित डिग्गी-मालपुरा रोड पर ट्रैफिक जाम की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने अंडरपास को चौड़ा करने की वर्ष 2023-24 में स्वीकृति दे दी। इसके बाद विधानसभा चुनाव में आचार संहिता लगने से पहले तत्कालीन सांसद रामचरण बोहरा ने 9.86 करोड़ की लागत से बनने वाले अंडरपास का शिलान्यास भी कर दिया, लेकिन 18 महीने से काम कछुए की चाल चल रहा है। इससे रोजाना 2 लाख लोग परेशान हो रहे हैं। काम में देरी के 3 प्रमुख कारण
इनमें पहला आरएसईसीबी की बिजली की अंडरग्राउंड लाइन, दूसरा केमिकल की पाइप लाइन और तीसरा सांगानेर स्टेशन के यार्ड का विस्तार है। वहीं, रेलवे का कहना है कि ड्राइंग भेज दी गई है। फरवरी से काम शुरू हो जाएगा, जो जून में पूरा होगा और जुलाई से अंडरपास से ट्रैफिक मूवमेंट शुरू हो जाएगा। 9.86 करोड़ रुपए की लागत से 7.15 मीटर चौड़े और 5 मीटर ऊंचे 2 बॉक्स डाले जाएंगे रेलवे द्वारा अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। इसके लिए ₹9.86 करोड़ रुपए खर्च कर यहां 7.15 मीटर चौड़े और 5 मीटर ऊंचे 2 बॉक्स डाले जाएंगे। इस कार्य की रेलवे के प्रिंसिपल सीई जीएल गोयल, डीआरएम विकास पुरवार और सीनियर डीईएन (मुख्यालय) अरविंद मीना लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। फरवरी में काम शुरू होने ट्रैफिक को अभी वाले अंडरपास से ही निकाला जाएगा। जबकि इसके बराबर में नया बॉक्स बनाया जाएगा। फिर जब ये बन जाएगा, तब ट्रैफिक इसमें से संचालित किया जाएगा और पुराने वाले अंडरपास को तोड़कर नया बॉक्स बनाया जाएगा। इस काम को जून माह तक पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही जुलाई माह से नए अंडरपास से ट्रैफिक मूवमेंट शुरू कर दिया जाएगा। सांगानेर स्टेशन पर तीसरी लाइन बिछाने से बदली अंडरपास की ड्राइंग रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सांगानेर स्टेशन पर यार्ड विकसित किया जा रहा है। ऐसे में यहां यार्ड में एक अतिरिक्त रेल लाइन बिछाई जाएगी। वहीं, रेल लाइन के घुमाव (कर्व) को खत्म करने के लिए लाइन को सीधा किया जाएगा। इससे रेलवे फाटक अवरुद्व नहीं होगा। जयपुर-सवाईमाधोपुर डबलिंग की वजह से भी इस सेक्शन में ट्रेनों का आवागमन बढ़ जाएगा। मुख्यालय द्वारा ड्राइंग को इस माह स्वीकृति दे दी जाएगी। इसके बाद फरवरी माह में काम शुरू कर दिया जाएगा। क्योंकि सांगानेर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में सीएमओ द्वारा कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। समाधान – आरएसईसीबी द्वारा बिजली की अंडरग्राउंड लाइन को जल्दी से जल्दी शिफ्ट करना चाहिए, वहीं राज्य सरकार को केमिकल की पाइप लाइन को रेलवे के साथ मिलकर डेमेज करना चाहिए। वहीं, डीआरएम विकास पुरवार को काम शुरू होने के बाद पूरा होने तक इसकी मॉनिटरिंग करनी चाहिए। इसके अलावा सांगानेर स्टेशन पर लूप लाइन का कर्व खत्म करना चाहिए। ताकि फाटक अवरुद्ध नहीं हो।


