ऑपरेशन साइबर शील्ड:110 बैंक खाते और यूपीआई फ्रीज करवाए, बैंकों से मांगी एक साल की ट्रांजेक्शन डिटेल

ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत वेस्ट जिला पुलिस द्वारा शनिवार को पकड़े गए 30 बदमाशों के पास पुलिस को कुछ और बैंक अकाउंट मिले हैं। ऐसे में पुलिस ने रविवार को 110 बैंक अकाउंट-यूपीआई फ्रीज करवाए हैं। अभी इनके अलावा भी कई बैंक खाते पुलिस के राडार पर चल रहे हैं। उन अकाउंट्स की तस्दीक करवाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने फ्रीज करवाए सभी बैंक अकाउंट व यूपीआई की संबंधित बैंकों से एक साल ही ट्रांजेक्शन डिटेल मांगी है। पुलिस को अंदेशा है कि इन सभी संदिग्ध अकाउंट्स में 100 करोड़ से ज्यादा ट्रांजेक्शन मिलेगा। गौरतलब है कि वेस्ट जिले की स्पेशल टीमों ने शनिवार को 5 जगह दबिश देकर 32 ठगों को पकड़ लिया। जिनमें दो नाबालिग भी शामिल थे। बदमाशों के पास मिले बैंक खातों में 30 करोड़ का ट्रांजेक्शन थे। शनिवार को पुलिस ने 135 बैंक अकाउंट, 64 यूपीआई आईडी व 20 एटीएम विद अकाउंट सीज करवा दिए। साथ ही आरोपियों से 7 लैपटॉप, 21 कम्प्यूटर, एलईडी, 64 मोबाइल, 22 सिमकार्ड, 67 एटीएम कार्ड, 17 बैंक पासबुक, 6 चैकबुक, 57 चार्जर, 2 पासपोर्ट, सहित भारी मात्रा में डिजीटल उपकरण बरामद किए हैं। डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में एक गिरोह नकली बाल लगाकर ज्योतिष बनकर लोगों को पुराना प्यार लौटाने और धनवान बनाने का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। साथ ही दूसरे गिरोह के बदमाश ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए लोगों से ठगी कर रहे थे। इनमें दो बदमाश ऐसे थे, जो कुछ समय पहले श्रीलंका जाकर ठगी की ट्रेनिंग लेकर आए थे। सभी बदमाश 5 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *