सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र में एक जनरल स्टोर में आठ दिनों के भीतर तीन बार चोरी की घटना सामने आई है। लगातार हो रही नकदी चोरी से परेशान दुकानदार ने सीसीटीवी कैमरे लगवाए, जिसके बाद चोर की पहचान हो सकी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदार दीपक लखेरा, जो देवीगंज चौक कोठी के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि उनकी दुकान परिषद की बाउंड्री के भीतर दुकान नंबर 34 पर स्थित है। वे यहां चूड़ी और जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। पीड़ित ने CCTV फुटेज पुलिस को सौंपे
दीपक लखेरा के अनुसार, पहली चोरी 14 दिसंबर को हुई थी, जिसमें दुकान से करीब 5500 रुपए नकद गायब हो गए थे। उस समय कोई सुराग नहीं मिला था। इसके बाद, 18 दिसंबर को एक बार फिर दुकान से 4500 रुपए नकद चोरी हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से परेशान होकर दुकानदार ने सुरक्षा के लिए दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया। 22 दिसंबर की देर रात दुकान में तीसरी बार चोरी हुई, जिसमें आरोपी लगभग 5000 रुपए नकद लेकर फरार हो गया। इस बार चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज की जांच करने पर चोरी करते हुए एक युवक साफ दिखाई दिया, जिसकी पहचान कपिल गुप्ता पिता रामधनी गुप्ता के रूप में हुई है। पीड़ित दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के साथ कोठी थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचाने गए आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


