पूर्व सीएम शिवराज सिंह के संसदीय क्षेत्र वाले विदिशा जिले के लिए जिला अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। जिला चुनाव अधिकारी राधेश्याम पारिख ने रविवार रात को कुरवाई जनपद अध्यक्ष ममता सिंह दांगी के पति महाराज सिंह दांगी को नया जिला अध्यक्ष घोषित किया। ग्राम डाबरी के किसान परिवार से आने वाले महाराज सिंह दांगी 1990 से सक्रिय राजनीति में हैं। वह केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विश्वस्त माने जाते हैं। उन्होंने संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। 1990 से राजनीति में सक्रिय 1990 में तिलहन व्यापार संघ के अध्यक्ष के रूप में उनकी राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। दांगी ने 1992-93 में भाजपा के मंडल महामंत्री, 1994 में सरपंच, 2000 में जिला पंचायत सदस्य के रूप में कार्य किया। 2003 से 2006 तक जिला उपाध्यक्ष और 2006 से 2009 तक पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे। 2011 में उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। जिला अध्यक्ष पद के लिए हुई रायशुमारी में सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगी। उनकी नियुक्ति के बाद समर्थकों में खुशी की लहर है।


