भास्कर न्यूज | गुमला रांची-छत्तीसगढ़ भाया ओडिशा को जोड़ने के लिए डुमरडीह चौक अभी महत्वपूर्ण है। चूंकि इसी रोड से बाइपास का निर्माण हुआ है, लेकिन चौराहा का निर्माण नहीं होने से यहां प्रतिदिन हादसे हो रहे हैं। कई लोगों की जान जा चुकी है। सुरक्षा के लिहाज से यहां पुलिस की तैनाती भी जरूरी है, लेकिन इसका कोई इंतजाम अभी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने यहां पास चौराहा निर्माण की मांग की है। ताकि हादसे को कंट्रोल किया जा सके। लोगों ने बताया कि रांची से आने वाली गाड़ियां बाइपास होते हुए छत्तीसगढ़-ओडिसा की ओर जाती है। छत्तीसगढ़ से रांची की ओर भी जाती है। इसके अलावे गुमला शहरी इलाके से होकर सीधे ओडिशा को जोडने वाली सड़क है। लंबे समय से डुमरडीह वासी चौराहे की मांग कर रहे हैं। चौराहा का निर्माण होने से सड़क व्यवस्था के साथ-साथ डुमरडीह में भी रौनक बढ़ेगी। चौराहा के साथ पुलिस रहे मुस्तैद : जगमोहन : समाजसेवी जगमोहन नायक ने बताया कि डुमरडीह चौक पर चौराहा काफी जरूरी है। इस चौक का नाम स्वामी विवेकानंद चौक रखा गया है। उनकी प्रतिमा स्थापित करने को लेकर प्रशासन को लिखित आवेदन दिए है। यदि समय पर चौराहा निर्माण के साथ स्वामी की प्रतिमा स्थापित होती है, तो रौनक बढ़ेगी। हादसे भी रूकेंगे। उसके अलावे यहां पुलिस की प्रतिनियुक्ति भी जरूरी है। आश्वासन देकर भूल गए डीसी : संदीप : भाजयुमो जिलाध्यक्ष सह डुमरडीह वासी संदीप प्रसाद ने बताया कि दिन प्रतिदिन वाहनों में आपसी टकराव होते रहता है। जिससे वाहन भी क्षतिग्रस्त होता है। लोग भी घायल होते हैं। इसके अलावे पास में बने कई घरों पर भी वाहन घुस जाता है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को चौराहे निर्माण के लिए आवेदन दिया गया था। उपायुक्त के द्वारा आश्वासन मिला था कि गोल चक्कर का निर्माण कराया जाएगा। मगर फिलहाल वह ठंडे बस्ते में रह गया है। संदीप ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द चौराहे निर्माण की मांग की है। पुलिस रहेगी मौजूद, चौराहा निर्माण के लिए करेंगे पहल : एसपी : एसपी शंभु सिंह ने कहा कि डुमरडीह चौक पर सुरक्षा जरूरी है। चूंकि वह इलाका सदर थाने से पांची किमी दूर है। इसलिए वहां पर एक पुलिस चौकी का निर्माण करवाया जा रहा है। भवन बनकर तैयार है। जल्द ही एक एसआई और दो कांस्टेबल तैनात किया जाएगा। चौराहा निर्माण को लेकर जिला प्रशासन को वे भी अपने स्तर से अवगत कराएंगे।


