करौली प्रीमियर लीग (केपीएल) 2025 के तीसरे सीजन का आगाज ट्रॉफी और खिलाड़ियों की जर्सी के अनावरण के साथ हो गया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। मंगलवार को राजीव गांधी खेल संकुल मैदान पर आयोजित एक कार्यक्रम में विजेता व उपविजेता ट्रॉफी और जर्सी का अनावरण किया गया। केपीएल संयोजक राजेश सारस्वत और मीडिया प्रभारी सागर शर्मा ने बताया कि उद्घाटन समारोह में विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सीनियर एडवोकेट नवल किशोर शर्मा, प्रमुख प्रायोजक हाजी रुखसार अहमद और आयोजन सचिव बबलू शुक्ला मौजूद रहे। इस दौरान केपीएल-3 के पदाधिकारी, सदस्य और सभी पांच फ्रेंचाइजियों के ऑनर भी उपस्थित थे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी और जर्सी का अनावरण कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता को अधिक पेशेवर बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें बीसीसीआई लेवल-1 अंपायरों की तैनाती, पेशेवर स्कोरिंग, हिंदी व अंग्रेजी कमेंट्री, फिजियोथेरेपी सुविधा और पहली बार थर्ड अंपायर रिप्ले सिस्टम शामिल हैं। दर्शकों के लिए टिकट व्यवस्था भी रखी गई है।
प्रतियोगिता में कुल 5 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबले में बुधवार को हिंडौन हेरिकेंस और राज रॉयल की टीमें आमने-सामने होंगी। लीग मुकाबलों के बाद 30 दिसंबर को सेमीफाइनल और 31 दिसंबर को केपीएल-3 का फाइनल खेला जाएगा।
आयोजकों ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने और दर्शकों से अधिक संख्या में मैदान पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केपीएल जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।


