जयपुर में डॉक्टर्स के बीच क्रिकेट मैच होगा:जर्सी–ट्रॉफी का भव्य विमोचन, स्तन कैंसर जागरूकता का संदेश देंगे

जयपुर में डॉक्टरों के बीच खेली जाने वाली प्रतिष्ठित डॉक्टर्स प्रीमियम लीग (DPL) एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच लेकर आई है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बीच, सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित होने वाली डॉक्टर्स क्रिकेट प्रीमियर लीग टी-20 में बैट और बॉल का जोश चरम पर रहेगा। आईपीएल की तर्ज पर खेली जाने वाली यह अनूठी लीग इस वर्ष अपने सीजन-18 में प्रवेश कर चुकी है, जिसमें 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। डॉक्टरों के खेल कौशल के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने वाली यह लीग हर वर्ष खास पहचान बनाती जा रही है। डॉक्टर्स सोशल वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित डीपीएल के चेयरमैन डॉ. शिवराज सिंह राठौड़ ने बताया- समारोह में डीपीएल सीजन-18 की जर्सी और ट्रॉफी का विमोचन किया गया। इसी अवसर पर डीपीएल की आधिकारिक मैगजीन ‘डॉक्टर्स क्रॉनिकल’ का भी लोकार्पण किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. एम.एल. स्वर्णकार एवं डीजीपी राजीव शर्मा, जबकि विशिष्ट अतिथि डॉ. दीपक माहेश्वरी रहे। अतिथियों ने इस स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी क्रिकेट लीग की सराहना करते हुए चिकित्सक खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. संजय पावाह एवं सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी लीग को सामाजिक संदेश से जोड़ा गया है। इस सीजन में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीपीएल के अंतर्गत वर्षभर विभिन्न फॉर्मेट की लीग भी आयोजित की जाती हैं, जिनमें डेंटल डीपीएल (6 टीमें), मानसून डीपीएल (6 टीमें), फैमिली फन डीपीएल (32 टीमें) और लीजेंड्स डीपीएल (6 टीमें) शामिल हैं। आयोजन समिति के सदस्य डॉ. राजीव, डॉ. अशोक, डॉ. अरुण सोनी, डॉ. मणिकांत और डॉ. युवराज ने जानकारी दी कि लीग का पहला मुकाबला 21 दिसंबर 2025 को खेला गया, जबकि समापन 12 मार्च 2025 को होगा। डॉक्टर्स प्रीमियम लीग न केवल खेल भावना को बढ़ावा दे रही है, बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *