तारानगर में 40 करोड़ के अस्पताल भवन का शिलान्यास:मंत्री कन्हैयालाल, मदन राठौड़ ने पेयजल योजनाओं का किया लोकार्पण

चूरू जिले के तारानगर में मंगलवार को विभिन्न पेयजल योजनाओं का लोकार्पण और उप जिला अस्पताल के नवीन भवन का शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग के मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। तारानगर उप जिला अस्पताल के नए भवन का शिलान्यास 40 करोड़ रुपए की लागत से किया गया। इसके अतिरिक्त कई पेयजल योजनाओं का भी लोकार्पण हुआ, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पेयजल, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा प्रदेश को दी गई राम सेतु जल परियोजना और यमुना जल समझौते की सौगातों का भी उल्लेख किया। चौधरी ने बताया कि पूरे प्रदेश में नई पेयजल योजनाओं को गति दी गई है और पुरानी योजनाओं का पुनर्गठन किया गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रदेश में बिना पेपर लीक के लगभग 400 भर्ती परीक्षाएं आयोजित करने की बात कही। राठौड़ ने जोर दिया कि तारानगर में अस्पताल भवन और पेयजल परियोजनाएं सीधे तौर पर जनता के जीवन स्तर को प्रभावित करेंगी। पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास को राजनीति से ऊपर रखकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि संकल्प से सिद्धि की भावना के साथ प्रदेश सरकार के दो वर्षों में किए गए कार्य पिछली सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल से अधिक प्रभावशाली और परिणाम देने वाले साबित हो रहे हैं। राठौड़ ने तारानगर में उप जिला अस्पताल के भवन निर्माण, पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण, साहवा को नगरपालिका बनाने और ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन जैसे आधारभूत विकास कार्यों का जिक्र किया। इस अवसर पर चूरू विधायक हरलाल सहारण, चूरू लोकसभा प्रत्याशी रहे देवेंद्र झाझड़िया और राकेश जांगिड़ ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *