छिंदवाड़ा जिला पुलिस ने एटीएम फ्रॉड के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के शातिर अपराधी हनीफ खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 5 नवंबर को परासिया रोड स्थित एसबीआई एटीएम में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 24 हजार 200 रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी से हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग हरिशंकर साहू ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने सबसे पहले एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी स्पलेंडर बाइक से आते-जाते दिखाई दिया। फुटेज में बाइक के केवल आखिरी चार नंबर 0497 और उसका रंग साफ नजर आया, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। यूपी का रहने वाला है आरोपी
जांच में सामने आया कि जिस बाइक का इस्तेमाल किया गया था, उसके असली मालिक की मौत हो चुकी है और बाद में वह बाइक छपारा निवासी एक व्यक्ति को बेची गई थी। उससे पूछताछ करने पर पता चला कि हनीफ खान नाम का व्यक्ति अक्सर टमाटर और तरबूज खरीदने के बहाने छिंदवाड़ा आता-जाता था। इसी दौरान उसने एटीएम फ्रॉड की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 18 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी पर पहले से 14 केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी हनीफ खान आगरा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में चोरी और ठगी के 14 मामले पहले से दर्ज हैं। वह दो साल की सजा काटने के बाद दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने जिले या आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह की अन्य घटनाएं तो नहीं की हैं।


