शहडोल में मध्यप्रदेश शासन की ओर से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने भेजी गई उच्चस्तरीय टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों के प्रदर्शन के कारण जांच टीम बिना निरीक्षण किए ही वापस लौट गई। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने आई थी टीम जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश शासन की ओर से मुख्य अभियंता जबलपुर संजय डहरिया और मुख्य अभियंता भवन जबलपुर आर.एल. वर्मा शहडोल पहुंचे थे। ये अधिकारी लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने आए थे। हालांकि, जैसे ही जांच प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और टीम को जांच स्थलों तक जाने से रोक दिया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मध्यप्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने किया। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने जताया विरोध इंजीनियरों का आरोप था कि जांच के नाम पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ज्यादती की जा रही है और अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। इसी के विरोध में इंजीनियर एक दिवसीय हड़ताल पर चले गए और जांच टीम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, लोक निर्माण विभाग शहडोल के अधीक्षण यंत्री (एसई) दिलीप विगोनियों ने बताया कि शासन के निर्देश पर दो मुख्य अभियंता निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने शहडोल आए थे। उन्होंने पुष्टि की कि मध्यप्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के विरोध के चलते उन्हें जांच करने नहीं दिया गया और स्थिति को देखते हुए जांच टीम को वापस लौटना पड़ा।


