बालाघाट में सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में मंत्री विश्वास सारंग मंगलवार को शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और कहा कि मध्य प्रदेश खेलों के मामले में देश में 16वें-17वें स्थान से तीसरे स्थान पर आ गया है। एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट पहुंचे थे मंत्री खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट पहुंचे थे। वे बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद भारती पारधी के विशेष आग्रह पर इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह महोत्सव संसदीय क्षेत्र में 16 से 23 दिसंबर तक किया गया था। मंत्री बोले-नक्सलियों का खात्मा एक सकारात्मक बदलाव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सारंग ने बालाघाट में खेलों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहले बालाघाट में नक्सलियों द्वारा ‘खून के खेल’ होते थे, लेकिन अब युवाओं के लिए ‘मैदान के खेल’ हो रहे हैं। उन्होंने नक्सलियों के खात्मे को एक सकारात्मक बदलाव बताया। सारंग ने बोले-MP खेलों में 16वें से तीसरे स्थान पर आया सारंग ने केंद्र और राज्य सरकार के खेल संबंधी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दो साल पहले मध्य प्रदेश खेलों में देश में 16वें-17वें नंबर पर आता था, लेकिन अब यह तीसरे नंबर पर है। उन्होंने प्रदेश को पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य बताते हुए कहा कि सरकार खेल, खिलाड़ियों और खेल मैदानों के उन्नयन के लिए लगातार काम कर रही है। समापन कार्यक्रम में सांसद भारती पारधी, भाजपा जिला अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामकिशोर नानो कावरे, विधायक राजकुमार कर्राहे, गौरव पारधी और नपाध्यक्ष भारती पारधी सहित कई अन्य भाजपा नेता मंचासीन थे।


