राजसमंद के पीएमश्री महात्मा गांधी राजकीय स्कूल राजनगर के छात्रों ने समग्र शिक्षा के तहत संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के दौरान अखबार छपने की प्रक्रिया देखी। स्कूल की कक्षा 9 एवं 10 के छात्रों ने मंगलवार को उदयपुर स्थित दैनिक भास्कर के प्रिंटिंग प्रेस का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने अखबार निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखा और समझा। दैनिक भास्कर के प्रिंटिंग हेड राजकुमार शर्मा ने छात्रों को न्यूज़ संकलन से लेकर अखबार के प्रिंट होकर बाहर निकलने तक की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अखबार में किस प्रकार की पेपर क्वालिटी का उपयोग किया जाता है व चार रंगों की स्याही से किस तरह सभी रंग तैयार होते हैं। इसके साथ ही मशीनों पर डबल साइड मल्टीकलर प्रिंटिंग, पेजों की फोल्डिंग और बंडल बनकर अखबार के बाहर आने की प्रक्रिया को भी समझाया गया। भ्रमण के दौरान छात्रों को सीटीपी रूम में प्लेट निर्माण की जानकारी भी दी गई। छात्रों ने जिज्ञासावश प्रश्न पूछे, जिसमें एक अखबार छापने में कितना खर्च आता है, प्रतिदिन कितने अखबार छपते हैं, किस समय तक अखबार प्रेस से निकल जाते हैं और अखबार किस तरह प्रिंटिंग प्रेस से पाठकों के घर तक पहुंचता है। इस अवसर पर प्रशिक्षक घनश्याम शर्मा, शिक्षक पुष्पेंद्र पाणिकर एवं शिक्षिका चंद्रकला चौधरी उपस्थित रहे।


