करौली पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार:एक 5000 रुपए का इनामी, दूसरा धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया

करौली कोतवाली पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक स्मैक तस्करी के मामले में फरार चल रहा 5000 रुपए का इनामी बदमाश है, जबकि दूसरा धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया है। थाना अधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि स्मैक तस्करी के एक मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे 5000 रुपए के इनामी आरोपी मनीष उर्फ डम्मा को उसके गांव सांथा, थाना महवा, जिला दौसा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मनीष स्मैक तस्करी का आदतन अपराधी है और थाना महवा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी है। जांच में सामने आया कि आरोपी स्मैक सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। दूसरी कार्रवाई में कोतवाली पुलिस ने शहर में गश्त के दौरान इरफान नामक युवक को गिरफ्तार किया। इरफान निवासी वजीरपुर गेट बाहर, करौली, वारदात की नीयत से धारदार छुरा लेकर घूम रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार छुरा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी इरफान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे भी न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध, नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *