देवास में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी 20 मीटर तक सीमित रही, वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों ने कड़ाके की ठंड का अनुभव किया। सोमवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रविवार को यह 23 और 10 डिग्री सेल्सियस था। कोहरे से फसलों पर कीट के प्रकोप का खतरा मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। दो दिनों के बाद मौसम साफ होने और तापमान बढ़ने की संभावना है। वहीं लगातार कोहरे के कारण फसलों पर कीट और इल्ली के प्रकोप का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय किसान महेन्द्र चौधरी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से छाए कोहरे से फसलों को नुकसान हो सकता है। यदि एक-दो दिन में मौसम साफ नहीं हुआ तो इल्लियां फसलों में आने वाले फूलों को नष्ट कर सकती हैं। हालांकि, पाले से फसलों को नुकसान की संभावना कम है।


