सिवनी में कोहरे की चादर:4 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान, बुजुर्गों-बच्चों को विशेष सावधानी की सलाह

सिवनी में कोहरे और शीतलहर के कारण पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो 27.2 डिग्री से घटकर 23.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बर्फीली हवाओं ने वातावरण में सिहरन बढ़ा दी है। पड़ोसी जिलों में हुई हल्की वर्षा का असर स्थानीय मौसम पर देखा जा रहा है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, जिसके बाद से इसमें मामूली बढ़ोतरी हुई। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि शाम को बादल छंटने के बाद बर्फीली हवाओं का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कई जगह हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। चिकित्सकों ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कृषि क्षेत्र में भी चिंता बढ़ी है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, हवाएं चलने से पाला पड़ने का खतरा कम है, लेकिन हवाएं रुकने पर फसलों में रोग और पाले की आशंका बढ़ सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे रात में हल्की सिंचाई करें और खेत की मेढ़ पर धुआं करें। पिछले 6 दिनों के आंकड़े बताते हैं कि तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। 7 जनवरी से 12 जनवरी के बीच अधिकतम तापमान 23.4 से 27.2 डिग्री के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.8 से 13.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *