बालाघाट में संदिग्ध हालत में मिला नर तेंदुए का शव:करंट से मौत की आशंका, वनमंडलाधिकारी बोलीं-पीएम रिपोर्ट से पता चलेगी असल वजह

बालाघाट के उत्तर सामान्य वन परिक्षेत्र लामता में मंगलवार को एक नर तेंदुए का शव संदिग्ध हालत में मिला। बांस कटाई कर रहे मजदूरों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र लामता का अमला दौनी से लगे जंगल कक्ष क्रमांक 1284 में घटनास्थल पर पहुंचा। टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे सुरक्षित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करंट लगने से मौत की आशंका वन विभाग ने मृतक तेंदुए के शव का घटनास्थल पर ही तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम करने वाले पशु चिकित्सक डॉ. नगपुरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेंदुए की मौत करंट लगने से हुई प्रतीत होती है। तेंदुए के गले पर दो चोट के निशान भी मिले हैं। वनमंडलाधिकारी बोलीं-पीएम रिपोर्ट से पता चलेगी असल वजह उत्तर सामान्य वन मंडल के वनमंडलाधिकारी रेशम सिंह धुर्वे ने जानकारी दी कि एनटीसीए (राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण) की गाइडलाइन के अनुसार, चार साल नर तेंदुए के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम और सैंपल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास के ग्रामीणों तथा मजदूरों से पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *