बड़वानी में भाजपा के विधानसभा सम्मेलन में नेताओं ने कांग्रेस की ‘परिवारवाद’ की राजनीति पर जमकर निशाना साधा और केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। पुराने फिल्टर प्लांट स्थित मां नर्मदा टिन शेड में आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘अटल स्मृति पर्व’ और प्रदेश सरकार के दो सफल वर्ष रहे। निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर कहा कि कांग्रेस में आम कार्यकर्ता चाहे कितनी भी मेहनत कर ले, लेकिन गद्दी पर हमेशा ‘सेठ का बेटा’ ही बैठता है। इसके विपरीत, भाजपा में संगठन और कार्यकर्ता को महत्व दिया जाता है, परिवार को नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार अब मतदाता सूचियों में पारदर्शिता तय कर रही है, जिससे पार्टी की जीत का मार्ग और प्रशस्त होगा। “गरीबी हटाओ” का नारा बनाम जमीनी काम राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस दशकों तक ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देती रही, लेकिन गरीबी कभी नहीं हटी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने आदिवासी और वनवासी भाइयों की तकलीफों को समझा है। आज पीएम आवास योजना से पक्की छत, बिजली, गैस और 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज (बीमा) गरीबों को मिल रहा है, जो भाजपा की सबसे बड़ी कामयाबी है। बूथ स्तर पर मनेगी अटल जी की जन्म शताब्दी भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने स्वागत भाषण में बताया कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर जिले के हर बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठन की मजबूती पर जोर दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह, एसआईआर जिला संयोजक सुखदेव यादव और जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


