पलामू पुलिस ने हुसैनाबाद क्षेत्र में एक विदेशी शराब दुकान में हुई कथित चोरी के मामले का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि दुकान के तीन कर्मचारियों ने 45 लाख रुपए की हेराफेरी को छिपाने के लिए अपने दो दोस्तों की मदद से फर्जी चोरी की साजिश रची थी। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि दुकान में कार्यरत रणधीर कुमार सिंह (39), विकास कुमार सिंह (27) और अभय कुमार सिंह (30) ने शराब बिक्री से प्राप्त 45 लाख रुपए का गबन कर लिया था। जब उत्पाद अधीक्षक ने दुकान का ऑडिट कराने की बात कही, तो गबन छिपाने के लिए इन तीनों ने अपने दोस्त विपिन कुमार सिंह (34) और पंकज कुमार सिंह (31) की मदद से चोरी की योजना बनाई। 9 जनवरी की रात को विपिन और पंकज देशी कट्टा लेकर दुकान पहुंचे। उन्होंने गार्ड को बंधक बनाकर दुकान का ताला तोड़ा और लॉकर से 62,600 रुपए लेकर फरार हो गए। एसडीपीओ एस मो. याकूब के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की और थाना प्रभारी सोनू चौधरी की टीम ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों कर्मचारियों ने पहले से किए गए 45 लाख के गबन को चोरी का रूप देने के लिए यह साजिश रची थी। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।


