हरमू मुक्ति धाम पुल के पास रविवार शाम करीब 7:30 बजे अचानक फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। लोग भागने लगे। दुकानें बंद हो गईं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शराब दुकान के पीछे खाली जगह है। वहां अंधेरा रहता है। उस जगह कुछ युवक शराब पी रहे थे। अचानक दो गुटों में झड़प हो गई। लड़ते-झगड़ते वे लोग सड़क पर आ गए। तभी शराब दुकान के सामने एक युवक ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। तीन राउंड गोलियां चलीं। इससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय पुलिस टीम के साथ पहुंचे। शराब दुकान के बगल वाली दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। लेकिन अंधेरे के कारण कुछ भी नजर नहीं आया। पुलिस आने से पहले ही वह हरमू की ओर भाग निकला। डीएसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही फायरिंग करने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फायरिंग के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लोगों से पूछताछ की।


