मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुलताई नगर का नाम बदलकर ‘मूलतापी’ करने की घोषणा की है। यह ऐलान उन्होंने बैतूल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख द्वारा प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे राज्य सरकार आगे बढ़ाएगी। उन्होंने बैतूल में आदिवासी संग्रहालय बनाने का भी ऐलान किया। पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद
स्थानीय निवासी पंडित सौरभ जोशी ने बताया कि प्राचीन काल में मुलताई का नाम ‘मूलतापी’ ही था, जिसका अर्थ है ताप्ती नदी का मूल स्थान। देश की प्रमुख नदियों में शामिल ताप्ती नदी का उद्गम स्थल मुलताई ही है, जिससे यह नगर धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। ‘मूलतापी’ नाम से नगर की ऐतिहासिक पहचान को मजबूती मिलेगी। यहां ताप्ती माता के दर्शन और पूजन के लिए हर वर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। नाम बदलने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


