इंदौर के द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सीमा पर सोमवार देर रात एक सीजिंग एजेंट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में एक युवती, उसका प्रेमी और दो अन्य आरोपी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले सिगरेट पीने के दौरान हुए विवाद के बाद समझौते के बहाने युवक को बुलाया गया था। तीन से अधिक चाकू से वार अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यश पिता प्रदीप भान, निवासी द्वारकापुरी के रूप में हुई है। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे युवती चारू परदेशी, उसके बॉयफ्रेंड रोहित और उनके दो साथियों ने फूटी कोठी के पास यश को मिलने बुलाया। इस दौरान यश के साथ उसका दोस्त विक्रम भी मौजूद था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने यश पर तीन से अधिक बार चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल यश को दोस्त विक्रम नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के कुछ घंटों बाद ही आरोपी युवती चारू परदेशी, रोहित को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद आरोपियों के साथी पीयूष और ईश्वर को भी पकड़ा है। चारू परदेशी इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर है। उसके कई सोशल मीडिया में 54 हजार फॉलोअर है। सिगरेट पीने के दौरान हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक एक दिन पहले चारू परदेशी और रोहित एक पान की दुकान पर सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान कमेंट्स को लेकर चारू और यश के बीच कहासुनी हो गई थी। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। विवाद के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन सोमवार को समझौते के बहाने दोबारा आमने-सामने हुए और यह विवाद जानलेवा बन गया। पुलिस का कहना है कि मृतक यश सीजिंग एजेंट का काम करता था। खाटू श्याम भागने की फिराक में थे आरोपी हत्या के बाद पुलिस ने यश के दोस्त विक्रम से पूछताछ की, जिससे चारू की भूमिका सामने आई। पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। जब टीम चारू के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिली। परिजनों से पूछताछ और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पता चला कि आरोपी उज्जैन रोड की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा पुलिस की संयुक्त टीम ने अलसुबह चारू और रोहित को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने उज्जैन से गिरफ्तार किया है। चेकिंग पॉइंट से 100 मीटर दूर वारदात जहां यह हत्याकांड हुआ, वह स्थान द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। इसी इलाके में द्वारकापुरी पुलिस का चेकिंग पॉइंट भी लगता है, लेकिन महज 100 मीटर की दूरी पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया। सीमा रेखा को लेकर रहा असमंजस पुलिस सीमा को लेकर कुछ देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। हत्याकांड के करीब दो घंटे बाद अन्नपूर्णा थाना प्रभारी अजय नायर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। वहीं द्वारकापुरी थाना प्रभारी मनीष मिश्रा और उनकी टीम ने शुरुआती जांच में ही आरोपियों की पहचान कर ली थी। युवती से बातचीत को लेकर विवाद आनंद कल्यादगी, डीसीपी जोन-4 ने बताया कि बीती रात द्वारकापुरी,अन्नपूर्णा थाना इलाके के सीमा से लगे फूटी कोठी इलाके में सांची प्वाइंट के पास एक युवक पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट में गंभीर चोट आई, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में ईश्वर को मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस कर उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय मौके पर एक युवती भी मौजूद थी। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण युवती से बातचीत को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।


