भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ कोकपाड़ा नरसिंहगढ़ पंचायत अंतर्गत चारचक्का गांव में एक ही जमीन की दो बार बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। खाता संख्या 39, प्लॉट संख्या 417, रकबा 5 डिसमिल जमीन को लेकर दो पक्षों द्वारा दावेदारी की जा रही है। इस संबंध में चारचक्का निवासी छवि रानी महतो ने बताया कि उनके पिता अंबुज कुमार महतो ने उक्त जमीन को 10 जुलाई 2000 को निर्मल कुमार महतो से खरीदा था। जमीन की खरीद का निबंधित डीड उनके पास मौजूद है। इसके बावजूद स्वर्गीय निर्मल कुमार महतो की पत्नी अंजली महतो तथा पुत्र सोमनाथ महतो और लोकनाथ महतो ने उसी जमीन को 18 जनवरी 2010 को सनत महतो उर्फ रतन कुमार महतो को 1 लाख 90 हजार रुपये में दोबारा बेच दिया, जो पूरी तरह गलत है। छवि रानी महतो ने बताया कि वर्तमान में उक्त जमीन पर भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य को रोकने के लिए धालभूमगढ़ थाना, अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन दिया गया है। साथ ही न्याय की गुहार लगाते हुए न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया गया है। वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष के सनत कुमार महतो उर्फ रतन महतो ने बताया कि उन्होंने यह जमीन वर्ष 2010 में विधिवत रूप से खरीदी है, जिसका म्यूटेशन भी हो चुका है। उन्होंने कहा एक वर्ष से उसी प्लॉट पर भवन निर्माण कार्य चल रहा है।


