भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ एनएच-18 पर कदमबेड़ा के समीप मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बहरागोड़ा से मुसाबनी की ओर जा रही स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 05 बीके 8432) अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सेवा ही धर्म ग्रुप के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल को ग्रुप की निजी एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धालभूमगढ़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान मुसाबनी निवासी सुमन किस्कू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि स्कूटी पर उनके भाई संजय किस्कू भी सवार थे। घाटशिला । घाटशिला थाना क्षेत्र के दाहिगोड़ा हनुमान मंदिर के निकट बाइक स्किट कर पलटने से बाइक में सवार महिला घायल हो गई। घायल डुमरिया की पुनबाद निवासी चाक़ू सरदार की पत्नी सुनीता सोरेन को सड़क पर तड़पते देख वहां से गुजर रहे तामकपाल निवासी संदीप नाथ ने अपनी बाइक में बैठाकर उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल मे डॉ शंकर टुडू ने सुनीता का प्राथमिक उपचार किया। उसे सिर पर चोट आई थी। चाकू सरदार ने बताया कि वह घाटशिला एलआईसी कार्यालय अपनी पत्नी सुनीता के साथ आ रहा था। इसी क्रम मे दुर्घटना का शिकार हो गया। उसे हल्की चोट आई थी, जबकि पत्नी को सिर पर चोट आई है। सड़क से गुजर रहे संदीपनाथ ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया।


