चुनावी रंजिश में स्कूटर मैकेनिक पर हमला, पगड़ी गिराने का आरोप

भास्कर न्यूज |लुधियाना दुगरी इलाके में चुनावी रंजिश के चलते बाइक सवार तीन युवकों ने एक स्कूटर मैकेनिक पर बेरहमी से हमला कर दिया। वारदात 22 दिसंबर की रात करीब 8 बजे की है। आरोपियों ने पहले मैकेनिक की दुकान में घुसकर मारपीट की, फिर उसे घसीटते हुए सड़क पर ले गए और वहां भी जमकर लात-घूंसे बरसाए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जान बचाने के लिए पीड़ित मैकेनिक बगल की एक बेकरी में घुस गया, लेकिन आरोपी वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। जब बेकरी मालिक ने बीच-बचाव किया तो हमलावर उससे भी उलझ गए और उसके साथ भी मारपीट की। किसी तरह पीड़ित मौके से भागने में कामयाब रहा। पीड़ित स्कूटर मैकेनिक जुझार सिंह ने बताया कि उसकी दुगरी इलाके में दुकान है। चुनाव के दौरान उसने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की मदद की थी, जिसको लेकर उसकी कांग्रेस समर्थकों से रंजिश चल रही थी। घटना के समय वह दुकान पर काम कर रहा था, तभी बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और बिना किसी वजह उस पर हमला कर दिया। जुझार सिंह का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद वह थाना दुगरी पहुंचा और शिकायत दी। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से सुनवाई न होने पर वह किसान संगठनों के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय भी पहुंचा। अन्नदाता किसान मजदूर यूनियन के प्रधान तरनजीत सिंह निमाणा ने बताया कि जैसे ही उन्हें जुझार सिंह के साथ मारपीट और उसकी पगड़ी गिराने की जानकारी मिली, वे थाने पहुंचे। उस समय थाना प्रभारी हाईकोर्ट गए हुए थे। थाने के अन्य कर्मचारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारी सीपी दफ्तर पहुंचे और वहां भी शिकायत दर्ज करवाई। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पर्चा दर्ज नहीं किया गया तो संघर्ष किया जाएगा। मामले में एसीपी साउथ हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *