लुधियाना। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन लुधियाना डॉ. रमनदीप कौर ने सहायक सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया के साथ लॉर्ड महावीर सिविल अस्पताल, लुधियाना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की समग्र कार्यप्रणाली, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक की प्रगति का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर वहां उपलब्ध चिकित्सकीय सेवाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों से बातचीत कर मरीजों के उपचार, समय पर जांच और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। डॉ. रमनदीप कौर ने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार देना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए मानक उपचार प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता और सेनिटेशन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्डों, ओपीडी, शौचालयों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखें। उनका कहना था कि स्वच्छ वातावरण न केवल मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में मदद करता है, बल्कि संक्रमण के खतरे को भी कम करता है। इसके अलावा सिविल सर्जन ने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का दौरा कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में गंभीर मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सहायक सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया ने भी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और सेवाओं में सुधार को लेकर सुझाव दिए। यह दौरा जिला स्वास्थ्य प्रशासन की बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


