सुशासन सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित नवाचार कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन को बेहतर और त्वरित सेवाएं प्रदान करने के लिए अपने-अपने नवाचारों का प्रेजेंटेशन दिया। सेवानिवृत्त आईएएस गिरिराज सिंह कुशवाह की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में जिला कलेक्टर कमर चौधरी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह कुशवाह ने कहा कि सुशासन का असली मतलब नागरिकों को बेहतर सेवाएं देना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे आमजन के प्रति सहजता और आदर का व्यवहार रखें और अपने काम में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करें। भरतपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कनिष्क कटारिया ने बताया कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र की सभी भूमि को जीआईएस पोर्टल पर अपलोड कर लोगों को सीधा लाभ दिया जाएगा। इसके साथ ही नगर निकाय की सभी सेवाओं को भी इस पोर्टल पर लाया जाएगा। जिला परिषद का ‘मिशन सम्पूर्ण’: सीईओ मृदुल सिंह ने बताया कि इस नवाचार के तहत पात्र लोगों को आवास और शौचालय के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा, पशुपालन और कृषि से जुड़ी योजनाओं का एक साथ लाभ मिलेगा। जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने कहा कि सरकारी प्रक्रियाओं का सरलीकरण कर आमजन को योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से मिलना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से नवाचार अपनाकर जिले के विकास को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने भरतपुर को भविष्य में एक इकॉनॉमी हब, टूरिज्म हब, शैक्षणिक हब और एग्रीकल्चर एवं हॉर्टीकल्चर हब के रूप में विकसित करने की योजना पर काम करने पर बल दिया। नगर निगम का ‘स्मार्ट सेवा केंद्र’: आयुक्त श्रवण बिश्नोई ने बताया कि एक ही स्थान पर सभी नागरिक सुविधाएं पारदर्शी और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। आने वाले समय में सभी सेवाओं को डिजिटल मोड़ पर लाया जाएगा। बाल संरक्षण का ‘मां’ नवाचार: संप्रेषण गृह में रहने वाले बच्चों के लिए शुरू किए गए इस नवाचार पर मोटिवेशन, एड्रेनेस और ऑफ्टर केयर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


