भास्कर न्यूज|ब्यावर दयानंद आर्य बालिका महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ एवं हवन के साथ की गई, जिसमें स्वयंसेविकाओं और स्टाफ ने आहुतियां देकर शिविर की सफलता की कामना की। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री गोदावरी आर्य कन्या शिक्षण समिति के सचिव अभय देव आर्य और महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शालू शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र में प्रथम इकाई प्रभारी निकिता शर्मा ने छात्राओं को आगामी सात दिनों की रूपरेखा और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर का पहला दिन स्वामी श्रद्धानंद जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में उनके जीवन और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। द्वितीय सत्र में स्वयं सेविका नेहा कुमावत, नीलम श्रीमाली और कहकशा खान ने स्वामी जी के सिद्धांतों पर अपने विचार साझा किए। तृतीय सत्र में महाविद्यालय की व्याख्याता रेनू पंजाबी ने ‘व्यक्तित्व विकास का जीवन में महत्व’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तित्व विकास के पांच आयामों से अवगत कराते हुए बेहतर जीवन कौशल अपनाने की प्रेरणा दी। दिन के अंत में प्राचार्या डॉ. शालू शर्मा ने सभी छात्राओं को स्वामी श्रद्धानंद के जीवन से दृढ़ संकल्प और देशभक्ति की सीख लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन द्वितीय इकाई प्रभारी आशा मालवीया द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अल्का मंूदड़ा, डिम्पल मालू, रितु बाबेल, विनोद कुमार दौलिया, जया पांचाल, ललिता कुमावत सहित महाविद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।


