बाड़मेर का कुख्यात वाहन चोर जोधपुर में गिरफ़्तार:जोधपुर, बैंगलौर, जालौर, बालोतरा व सांगानेर व अन्य जिलों में दर्ज है 19 केस

जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के जिला पश्चिम की राजीव गांधी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाड़मेर के शिव थाने के हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात वाहन चोर ओंकार सिंह को गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर जोधपुर, बैंगलौर, जालोर, बालोतरा व सांगानेर सहित विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी और मारपीट के कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। इस शातिर की कई जिलों की पुलिस को तलाश थी। डीसीपी (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल ने बताया कि विभिन्न मामलों में वांछित बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसीपी (प्रतापनगर) रविन्द्र बोथरा के निर्देशन में राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसे शातिर वाहन चोर ओंकारसिंह को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। तीन मामलों में थी तलाश पुलिस के अनुसार, मूलतया बाड़मेर जिले के कोटड़ा निवासी ओंकारसिंह पुत्र तनसिंह राजीव गांधी नगर थाने के तीन प्रकरणों में वांछित था। उसे गिरफ्तार किया गया है। इसके जोधपुर से जैसलमेर तक आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया है कि ओंकार सिंह आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से लगातार आपराधिक मामले दर्ज हो रहे हैं। आरोपी का नेटवर्क कई जिलों में सक्रिय रहा है- बाड़मेर: कोतवाली, सदर, शिव और चौहटन थाने में वाहन चोरी, मारपीट और अपहरण के कई मामले। साथ ही चौहटन थाने में आबकारी अधिनियम का एक मामला भी दर्ज है। जैसलमेर: कोतवाली, सांकड़ा और सांगड़ थाने में चोरी, नकबजनी के मामले, जो कोर्ट में विचाराधीन हैं। बालोतरा: पचपदरा थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा। जोधपुर: राजीव गांधी नगर थाने में हाल ही में दर्ज वाहन चोरी के मामले। पुलिस टीम में ये भी रहे शामिल: एएसआई रावलराम, हेड कांस्टेबल जगराम, बाबूलाल, पूंजराज सिंह और डूंगरसिंह, कांस्टेबल राजूसिंह, महिपाल, हुक्माराम, यतेन्द्र, श्रवण पटेल और अशोक।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *