कांग्रेस महासचिव अमीन पठान की क्रिकेट एकेडमी पर चला बुलडोजर:वन विभाग की टीम ने अतिक्रमण की जमीन पर की कार्रवाई

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अमीन पठान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। अब आमीन पठान के क्रिकेट एकेडमी पर वन विभाग ने कार्रवाई की है। सोमवार शाम 5 बजे वन विभाग व पुलिस की टीम ने अनंतपुरा इलाके में वन भूमि पर बनाए गए अमीन पठान के क्रिकेट एकेडमी को तोड़ दिया। इससे पहले मई 2024 में वन विभाग की टीम ने अमीन पठान के फार्म हाउस पर कार्रवाई की थी। वन विभाग के सहायक वन संरक्षक अनिरुद्ध सुवालका ने बताया- वन विभाग की ओर से मंडल में अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है। कोटा शहर की दक्षिण सीमा लखवा इलाके में वन विभाग की जमीन पर अनाधिकृत रूप से कांग्रेस नेता ने अतिक्रमण कर रखा था। अमीन पठान ने यहां क्रिकेट एकेडमी बना रखी थी। एकेडमी को वन विभाग की टीम ने सोमवार को राजकीय प्रक्रिया के अनुसार ध्वस्त कर दिया। पहले नोटिस चिपकाया गया था इससे पहले एकेडमी पर नोटिस भी चस्पा किया था। समय सीमा खत्म होने के बाद सोमवार को वन विभाग ने अतिक्रमणशुदा जमीन को कब्जे में लेने की कार्रवाई की। अतिक्रमण के तहत एकेडमी पर तीन पक्की पिच और अवैध निर्माण किया गया था, जिसे ध्वस्त किया गया है। अनिरुद्ध सुवालका ने बताया- अतिक्रमित की गई भूमि पर गड्ढे खोदकर 50 पीपल के पौधे लगाए गए हैं। वन विभाग के सहायक वन संरक्षक और क्षेत्रीय वन अधिकारी रेंज लाडपुरा स्टाफ के साथ अतिक्रमण की कार्यवाही को पूरा किया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी भी दी गई कि दोबारा वन भूमि पर अतिक्रमण किया तो कठोर कार्यवाही की जाएगी। 2024 में फार्म हाउस पर भी चल चुका बुलडोजर इससे पहले मई 2024 में वन विभाग की टीम ने अमीन पठान के फार्म हाउस पर कार्रवाई की थी। वन विभाग व पुलिस की टीम ने अनंतपुरा इलाके में वन भूमि पर बनाए गए अमीन पठान के फार्म हाउस पर बुलडोजर चलाया था। पठान ने 15 बीघा की जमीन में फार्म हाउस बना रखा था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में तोड़ा गया था। डीएफओ अपूर्व कृष्ण श्रीवास्तव ने बताया था- वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण करके कुछ इमारतें बना रखी थी। इस संबंध में अतिक्रमण कर्ता को फरवरी व मार्च (2024) के महीने में नोटिस दिया था। अतिक्रमण कर्ता ने इमारतें खाली भी कर दी थी। पुलिस इमदाद के साथ कार्रवाई की। मौके पर कुछ लोग थे जिन्हें दूसरे जगह शिफ्ट किया है। इमारत में कुछ सामान रखे हुए थे जिन्हें बाहर निकाला गया। वन विभाग की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को तोड़ा है। कौन हैं अमीन पठान बता दें कि कांग्रेस नेता अमीन पठान अजमेर दरगाह कमेटी के पूर्व चेयरमैन और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट हैं। अमीन पठान कोटा के अनंतपुरा इलाके के रहने वाले हैं। कोटा के भाजपा के पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत ने पठान को राजनीति में एंट्री कराई थी। भवानी सिंह राजावत की वजह से पठान बीजेपी के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी नेता बने। वसुंधरा के करीबी होते हुए अमीन पठान को आरसीए के उपाध्यक्ष बनाया गया। अमीन पठान को अजमेर दरगाह कमेटी ख्वाजा साहब (भारत सरकार)के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें प्रदेश महासचिव बनाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *