भास्कर न्यूज| राजनांदगांव कृषि एवं संवर्गीय विभागों की गतिविधियों के निरीक्षण के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार एक दिवसीय प्रवास पर जिला राजनांदगांव पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित राज्य एवं केन्द्र पोषित हितग्राही मूलक योजनाओं तथा रबी वर्ष 2025-26 में फसल चक्र परिवर्तन कार्यक्रम का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह एवं संभागीय संयुक्त संचालक कृषि गोपिका गभेल उपस्थित रहे। कृषि उत्पादन आयुक्त ने सेवा सहकारी समिति सोमनी में धान खरीदी तथा पीएम आशा योजनांतर्गत खरीफ सोयाबीन, मूंग, उड़द, अरहर एवं रबी में दलहन-तिलहन फसलों के समर्थन मूल्य पर उपार्जन की तैयारियों का जायजा लिया। ग्राम पार्रीखुर्द में नेशनल मिशन ऑन इडिबल ऑयल अंतर्गत 100 एकड़ सरसों, द्वि-फसलीय क्षेत्र विस्तार योजना में तिवड़ा, तथा ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर गेहूं एवं मक्का के प्रदर्शन का अवलोकन किया। इस दौरान डीडीए टीकम ठाकुर व कृषि विभाग के अफसर भी मौजूद रहे।


