प्रतापपुर| अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रतापपुर ने युवा जागरण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को नगर में नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त व स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना रहा। नशा मुक्ति रैली नगर के राजघराना चौक, कॉलेज चौक, कदमपारा चौक व नगर पंचायत चौक सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति के समर्थन में नारे लगाए और नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया। विभिन्न चौक-चौराहों पर रुककर वक्ताओं ने संक्षिप्त उद्बोधन भी दिया। रैली में अखिल विश्व गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा व महिलाएं शामिल हुए। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहेगा।


